नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के भैरूंदा क्षेत्र के छीपानेर गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग गोवंश को उफनती नर्मदा नदी के गहरे पानी की ओर हांकते और धकेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि यह कदम कथित तौर पर किसानों द्वारा अपनी फसलों को आवारा गोवंश से बचाने के लिए उठाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में पशुओं को खुले में छोड़ दिया जाता है। वे नदी किनारे पानी पीने और चरने पहुंच जाते हैं, जहां फसलों की सुरक्षा के लिए कुछ किसान उन्हें नदी की ओर हांक देते हैं।
सोशल मीडिया आक्रोश दिखा रहे लोग
ग्रामीणों का दावा है कि यह प्रक्रिया वर्षों से चली आ रही है और अधिकांश पशु बारिश समाप्त होने के बाद वापस लौट आते हैं, वहीं वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने इसे पशु क्रूरता बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर आपत्ति जताते हुए इसे आस्था से जुड़ा विषय बताया है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों की पहचान करने तथा यदि पशु क्रूरता या अन्य कानूनों का उल्लंघन हुआ हो तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- सीहोर में बड़ा हादसा : मुरम खदान में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
सीहोर में मानसून मेहरबान, नदी-नाले उफान पर
जिले में शनिवार को मानसून ने जोरदार दस्तक दी। दिनभर हुई अच्छी बारिश के चलते जिले में औसतन 1.50 इंच वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
सबसे अधिक बारिश आष्टा क्षेत्र में 2.05 इंच दर्ज की गई। इसके बाद जावर में 1.89 इंच, इछावर में 1.77 इंच, सीहोर में 1.69 इंच, बुधनी के नर्मदा तटीय क्षेत्र में 1.57 इंच, रेहटी में 1.52 इंच तथा भैरूंदा में 1.10 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे कम बारिश श्यामपुर में 0.83 इंच दर्ज हुई।
1 जून से अब तक 10.63 इंच औसत वर्षा
शनिवार की बारिश के साथ जिले में 1 जून से अब तक औसत वर्षा 10.63 इंच पहुंच गई है। कुल वर्षा के मामले में आष्टा 15.47 इंच के साथ जिले में सबसे आगे है। इसके बाद भैरूंदा में 14.01 इंच, इछावर में 12.40 इंच, जावर में 11.68 इंच, सीहोर में 9.01 इंच, रेहटी में 8.55 इंच, बुधनी में 8.38 इंच और श्यामपुर में 5.54 इंच वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले साल की तुलना में कई गुना अधिक बारिश
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2025 तक जिले में औसतन केवल 0.05 इंच वर्षा दर्ज हुई थी, जबकि इस वर्ष इसी अवधि तक औसत वर्षा 10.63 इंच पहुंच चुकी है। इससे स्पष्ट है कि इस बार मानसून ने पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक सक्रिय शुरुआत की है।
