शहर में पुलिस के ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के बीच डीसीपी लिखी सरकारी कार का सड़क पर लहराते हुए चलने का वीडियो सामने आया है। परदेशीपुरा क्षेत्र में कार …और पढ़ें

HighLights
- परदेशीपुरा में बच्चे और स्कूटर सवार को मारी टक्कर
- वीडियो वायरल, चालक के नशे में होने की चर्चा
- कार में दो पुलिसकर्मी बैठे थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर में पुलिस के ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के बीच डीसीपी लिखी सरकारी कार का सड़क पर लहराते हुए चलने का वीडियो सामने आया है। परदेशीपुरा क्षेत्र में कार ने पहले साइकिल सवार बच्चे को टक्कर मारी, इसके बाद स्कूटर सवार को भी चपेट में ले लिया।
राहगीरों ने कार चालक को आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। लोगों ने पीछा कर वीडियो बनाया तो कार कलश चौराहे से भंडारी ब्रिज की तरफ निकल गई और सीधे डीआरपी लाइन में जाकर खड़ी हो गई। चालक के शराब के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह ने जांच के आदेश दिए है।
कार में दो पुलिसकर्मी बैठे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफेद रंग की स्कार्पियो (एमपी 03 ए 8674) क्लर्क कालोनी की ओर से आ रही थी। कार के आगे और पीछे डीसीपी लिखी प्लेट लगी थी और उसमें दो पुलिसकर्मी बैठे थे। कार अचानक लहराने लगी। इसी दौरान सबसे पहले साइकिल से जा रहे एक बच्चे को कट लग गया। बच्चा सड़क पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कार नहीं रुकी।
पीछे दौड़े लोग, वीडियो में कैद हुई करतूत
कार के लगातार लहराते हुए चलने से लोगों को चालक की स्थिति पर संदेह हुआ। कुछ लोगों ने कार का पीछा शुरू कर दिया और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इसके बाद चालक ने एक स्कूटर सवार को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। कार रास्ते में अन्य वाहनों के बेहद करीब से निकलती रही।
लोगों के पीछा करने के बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और कलश चौराहे से भंडारी ब्रिज की ओर चला गया। इसके बाद वह सीधे डीआरपी लाइन पहुंचा और वाहन खड़ा कर दिया।
सरकारी वाहन पर सवाल, अभियान की भी किरकिरी
घटना का वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा शुरू हो गई है। बताते है गाड़ी जोन-4 के डीसीपी सुनील मेहता के पास थी। 1 सितंबर की घटना बताई जा रही है। मेहता वीआरएस ले चुके है। चालक धर्मेंद्र गुप्ता उनको छोड़ कर लौट रहा था। साथ में गनमैन भी था। मामले की आयुक्त संतोष कुमारसिंह ने जांच के आदेश दे दिए है।
यह भी पढ़ें- अशोकनगर में दर्दनाक हादसा : एक टक्कर ने उजाड़ दिए दो परिवार, चार की मौत; सात साल के मासूम ने भी तोड़ा दम
