सामान्य तौर पर सात विमान जबलपुर आते हैं और यहां से यात्रियों को लेकर रवाना होते हैं, लेकिन दो विमानों के डायवर्ट होने के कारण सिर्फ पांच विमान ही जबलप…और पढ़ें

HighLights
- दो विमान जबलपुर एयरपोर्ट पर नहीं उतर सके
- बारिश के कारण विभाग ने नहीं दी उतरने की अनुमति
- कोलकाता की फ्लाइट को पहुंचाया गया रायपुर
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। खराब मौसम और बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। जबलपुर एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण दो विमान लैंड नहीं कर सके और उन्हें दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग ने जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की थी।
यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा
कोलकाता से जबलपुर आने वाला विमान जबलपुर एयरपोर्ट के करीब पहुंचने के बाद मौसम खराब होने के कारण लैंड किए बगैर रायपुर डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान से 39 यात्री जबलपुर आने वाले थे, जबकि वापसी की उड़ान से 46 यात्रियों को जबलपुर से कोलकाता जाना था। विमान के जबलपुर नहीं पहुंचने से दोनों ओर के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
147 को जबलपुर से नवी मुंबई जाना था
नवी मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट, जो करीब पौने 12 बजे जबलपुर पहुंचती है, मौसम खराब होने के कारण जबलपुर में लैंड नहीं कर सकी और उसे नागपुर डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान से 180 यात्री नवी मुंबई से जबलपुर आने वाले थे, जबकि 147 यात्रियों को जबलपुर से नवी मुंबई जाना था। विमान के डायवर्ट होने से ये यात्री भी घंटों परेशान रहे।
सात में पांच विमान ही पहुंचे
शनिवार को सामान्य तौर पर सात विमान जबलपुर आते हैं और यहां से यात्रियों को लेकर रवाना होते हैं। लेकिन मौसम खराब होने और दो विमानों के डायवर्ट होने के कारण शनिवार को सिर्फ पांच विमान ही जबलपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर सके।
