चालक ने बस की स्टेयरिंग मोड़ा, तो वाहन अनियंत्रित हो गया। बस सामने से आ रहे मिनी मालवाहक क्रमांक एमपी 20 जेडए 5947 से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवा…और पढ़ें

HighLights
- नान स्टाप बस तेज गति से दमोह की ओर जा रही थी
- मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में हादसा
- माढ़ोताल पुलिस ने शुरू की जांच, 40 यात्री थे सवार
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दीनदयाल चौक स्थित अंतर्राज्यीय बस स्थानक से शनिवार रात दमोह की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस कटंगी बाइपास से आगे मालवाहक से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
माढ़ोताल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी
चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। बस का अगला कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। माढ़ोताल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मां वैष्णो देवी बस सर्विस की यात्री बस क्रमांक एमपी 34 जेडसी 7177 जबलपुर-दमोह के मध्य संचालित होती है। यह बस जबलपुर से दमोह की ओर रवाना हुई थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। नान स्टाप बस होने के कारण दीनदयाल चौक आइएसबीटी से रवाना होने के बाद बस तेज गति से दमोह की ओर जाने लगी।
बस के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल चालक आ गया
कटंगी बायपास से कुछ दूरी पर आगे गोविंद मंडपम के पास पहुंचते ही बस के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल चालक आ गया। यह देखकर बस के चालक ने उसे टक्कर से बचाने का प्रयास किया। लहराते हुए बस सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई।
आसपास से गुजर रहे राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास से गुजर रहे राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए बस के सामने का कांच तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस के पहुंचने के बाद बस और यात्रियों की जांच की गई। घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोट आईं। कोई भी गंभीर घायल नहीं है। यात्रियों को मौके पर ही प्रारंभिक उपचार के बाद वैकल्पिक वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
