नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने एक युवती से 5,87,391 रुपये की ठगी की थी।
साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पन्ना की शशि कुशवाहा, ने 17 अगस्त 2026 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में घर बैठे बुक/कंटेन्ट लिखने का काम देने का वादा किया गया था। शशि ने टेलीग्राम एप डाउनलोड कर “विश्वाबुक पब्लिकेशन” नामक ग्रुप ज्वाइन किया।
विड्रॉल चार्ज आदि के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराए
आरोपियों ने शशि को 25,000 रुपये का भुगतान करने का झांसा दिया और फिर विभिन्न बहानों से रजिस्ट्रेशन फीस, डिलीवरी चार्ज, सिक्योरिटी चार्ज, विड्रॉल चार्ज आदि के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराए। इस प्रकार, शशि से 5,87,391 रुपये की राशि ठगी गई।
विज्ञापन प्रसारित करके लोगों को ठगते थे
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों को दौसा, राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर वर्क फ्रॉम होम के विज्ञापन प्रसारित करते थे और लोगों को ठगते थे।
5,82,000 रुपये व चार मोबाइल भी बरामद किए
गिरफ्तार आरोपियों में दिलखुश (18 वर्ष), छोटा उर्फ हेमराज (20 वर्ष), संतोष (23 वर्ष), अजयकुमार (20 वर्ष) और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,82,000 रुपये नगद और 04 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के साथ मामले की विवेचना चल रही
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन देकर लोगों को ठगता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विवेचना चल रही है।
कोतवाली निरीक्षक और उनकी टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली पन्ना निरीक्षक रोहित मिश्रा और उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा है। पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी में वारंटों में वांछित व तीन चोरी का आरोपित शातिर शालू सहित दो गिरफ्तार, जबलपुर से है कनेक्शन
