नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गजराराजा मेडिकल कॉलेज स्थित वायरोलॉजी लैब में स्वाइन फ्लू की जांच के दौरान एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सोमवार को तीन स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई, जिसमें एक महिला संक्रमित मिली। महिला छतरपुर जिले की निवासी है।
स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूचना छतरपुर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को भेज दी है, ताकि वहां भी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पॉजिटिव महिला डॉक्टरों की निगरानी में
पॉजिटिव पाई गई महिला जेएएच में भर्ती है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। इससे पहले वायरोलॉजी लैब में 10 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिनकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई थीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की निगरानी और सैंपल जांच का सिलसिला जारी रखा जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि लक्षण मिलने पर मरीजों के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है, जिससे संक्रमण की समय पर पहचान की जा सके। महामारी विशेषज्ञ डॉ. महेन्द्र पिपरोलिया ने बताया कि पाजिटिव महिला की रिपोर्ट मिली है। जिसकी जानकारी संबंधित जिले को भेज दी गई है।
ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़, एक दिन में 3865 मरीज पहुंचे अस्पताल
उधर, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और वायरल संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के बीच अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में कुल 3865 मरीज पहुंचे, जिनमें 2907 नए और 958 पुराने मरीज शामिल रहे। सबसे अधिक मरीज मेडिसिन विभाग में पहुंचे, जहां कुल 740 मरीजों का उपचार किया गया।
ओपीडी आंकड़ों के अनुसार मेडिसिन विभाग में 652 नए और 88 पुराने मरीज पहुंचे। इसके बाद त्वचा रोग (डर्मेटोलाजी) विभाग में 422, न्यूरोलाजी-न्यूरोसर्जरी विभाग में 403 तथा आर्थोपेडिक विभाग में 297 मरीजों ने परामर्श लिया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 229, सर्जरी में 216 और बाल रोग विभाग में 211 मरीज पहुंचे। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम, उमस और संक्रमण के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, एलर्जी तथा त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीज बढ़ रहे हैं।
प्रमुख विभागों में मरीज संख्या
मेडिसिन 740, डर्मेटोलाजी 422, न्यूरोलाजी/न्यूरोसर्जरी 403, आर्थोपेडिक 297, स्त्री व प्रसूति रोग 229, सर्जरी 216, बाल रोग 211, फिजियोथैरेपी 163, मनोरोग 160, ईएनटी 170 मरीज हैं।
