मुरैना समाचार: कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मिल दोबारा प्रारंभ करने को लेकर भूमि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग को सौंप दी गई है। विभाग अब…और पढ़ें

HighLights
- सरकार का आश्वासन और औद्योगिक केंद्र की योजना
- विधायक बोले-केवल लिखित आदेश पर खत्म होगा अनशन
- जीतू पटवारी का कैलारस दौरा और बढ़ता राजनीतिक हलचल
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल/मुरैना। मुरैना जिले की कैलारस शुगर मिल फिर प्रारंभ होगी। सरकार बंद पड़ी मिल की भूमि पर औद्योगिक केंद्र भी बनाएगी। मिल प्रारंभ करने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग बड़े मिल संचालकों से प्रस्ताव मंगाएगा। यह दावा कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने भोपाल में मीडिया से चर्चा में किया।
विभाग अब बड़े मिल संचालकों से मांगेगा प्रस्ताव मांगेगा
मंत्री ने कहा कि मिल दोबारा प्रारंभ करने को लेकर भूमि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग को सौंप दी गई है। विभाग अब बड़े मिल संचालकों से प्रस्ताव मांगेगा। मिल के उपयोग से शेष बची भूमि पर नया उद्योग क्षेत्र भी बनाया जाएगा। इससे नए उद्योग स्थापित होंगे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मिल चलाने के लिए अनुभवी संचालक की जरूरत है। इसके लिए देशभर के मिल संचालकों से प्रस्ताव मांगे जाएंगे। मिल चलाने के लिए गन्ने की उपलब्धता बढ़ाना भी जरूरी है। कृषि विभाग इसके लिए प्रयास करेगा।
विधायक ने कहा… सीएम या मुख्य सचिव को आना पड़ेगा
उधर मिल प्रारंभ करने को लेकर 15 अगस्त से धरने पर बैठे जौरा से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय के समर्थन में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कैलारस पहुंचेगे। अनशन को समाप्त कराने कैलारस पहुंचे अपर कलेक्टर अश्विनी रावत को चर्चा के बाद बैरंग लौटना पड़ा।
विधायक उपाध्याय ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री या मुख्य सचिव अथवा प्रमुख सचिव सहकारिता, कैलारस शक्कर कारखाना को पुनर्जीवित करने का लिखित आदेश जारी नहीं करते तब तक प्रशासन व शासन की किसी चर्चा को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
