नईदुनिया न्यूज सुकमा। जिले के ग्राम डब्बारास, ग्राम पंचायत जिरमपाल में सोमवार शाम करीब 6 बजे अज्ञात कारणों से एक मकान में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर उसकी चपेट में आ गया। घटना में घर में रखा कपड़ा, महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी सहित घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित कवासी जोगी, पति स्वर्गीय देवा कवासी, के घर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते पूरा मकान और उसमें रखा सामान जल गया।
सामान जलकर हुआ खाक
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ रहने और जीवनयापन का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आग में आवश्यक दस्तावेज, कपड़े और नगदी जल जाने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि, खाद्यान्न, आवश्यक सामग्री एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन परिस्थिति से उबरने में मदद मिल सके।
नही पता कैसे लगी आग
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच और नुकसान का आकलन किए जाने की उम्मीद है।
