जिले के ग्राम लसुड़िया खास स्थित पानी फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना से मंगलवार की शाम को हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तालाब के …और पढ़ें

HighLights
- लसुड़िया खास के वाटर प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ
- सांस लेने में दिक्कत के बाद 12 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती
- डॉक्टरों के अनुसार सभी प्रभावित ग्रामीण पूरी तरह खतरे से बाहर
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के ग्राम लसुड़िया खास स्थित पानी फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना से मंगलवार की शाम को हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तालाब के पानी को साफ करने के लिए प्लांट में क्लोरीन गैस का उपयोग किया जा रहा था। इसी दौरान गैस का टैंक लीक हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गैस के प्रभाव में आने के बाद कुछ ग्रामीणों ने सांस लेने में परेशानी के साथ उल्टी और दस्त जैसी शिकायतें की। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभावित लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीहोर पहुंचाया गया। यहां एक दर्जन से अधिक लोगों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीज खतरे से बाहर
डॉक्टरों के मुताबिक उपचार के लिए लाए गए किसी भी व्यक्ति की हालत गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर हैं। वहीं घटना के बाद संबंधित अमले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। फिलहाल क्लोरीन गैस रिसाव के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन और संबंधित विभाग की निगरानी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
डॉ. हरिओम गुप्ता का कहना है कि क्लोरीन गैस का हल्का-फुल्का असर है, अस्पताल लाए गए 8 से 10 लोगों की जांच की गई है, सभी सामान्य हैं। यदि गैस की अधिक मात्रा फेफड़ों में पहुंच जाती तो नुकसानदायक हो सकती थी। कम मात्रा होने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं है। हालांकि जिला अस्पताल की टीम मौके पर पहुंची है, इसके बाद लोगों को जिला अस्पताल लाकर उपचार कराया जाएगा।
