शनिवार दोपहर जिले के बरमान स्थित नर्मदा नदी के रेत घाट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। …और पढ़ें

HighLights
- बरमान घाट पर नर्मदा में डूबे सागर के दो युवक
- एसडीईआरएफ ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला
- दूसरे युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। शनिवार दोपहर जिले के बरमान स्थित नर्मदा नदी के रेत घाट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां सागर जिले से घूमने आए दो युवक स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई से एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागर जिले से युवकों का एक दल बरमान घाट पर घूमने आया हुआ था। दोपहर के समय जब युवक नर्मदा नदी के रेत घाट पर स्नान कर रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा न होने के कारण दो युवक गहरे पानी में समाने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व प्रशासन को दी।
एसडीईआरएफ और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने बिना वक्त गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए गहरे पानी में डूब रहे युवक सौरभ यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पानी से बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
दूसरे युवक का कोई पता नहीं
वहीं, हादसे का शिकार हुआ दूसरा युवक अंशु रजक गहरे पानी में लापता हो गया। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा नावों और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में उसकी सघन तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
