प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हाईवे पर अचानक मवेशी आ जाने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया।

HighLights
- पाटन और बरगी रोड पर अलग-अलग हादसे
- मशक्कत के बाद चालक खुद केबिन से निकला
- नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क पर पलटे
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पाटन और बरगी रोड पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में सेब और प्याज से लदे ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। पाटन में सेब से भरा ट्रक पलटने के बाद सड़क पर फल बिखर गए।
भीड़ सेब समेटकर वहां से निकल गई
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ चालक की मदद करने के बजाय सेब समेटकर वहां से निकल गई। चालक किसी तरह केबिन से बाहर आया और पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं, शनिवार तड़के बरगी के पास प्याज से भरा ट्रक मवेशी सामने आने के कारण पलट गया।
दमोह से सेब लेकर जबलपुर आ रहा था ट्रक
पाटन पुलिस के अनुसार ट्रक एमपी 15 जेडएल 1501 दमोह से सेब लेकर जबलपुर आ रहा था। यहां एक व्यापारी के यहां सेब की खेप उतारी जानी थी। शुक्रवार को पाटन के समीप पहुंचने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के दौरान चालक ट्रक के केबिन में फंस गया था
दुर्घटना में ट्रक में रखी सेब की पेटियां क्षतिग्रस्त हो गईं और बड़ी मात्रा में सेब सड़क पर फैल गए। हादसे के दौरान चालक ट्रक के केबिन में फंस गया था। उसने मौके पर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन वहां जमा लोग चालक को बाहर निकालने के बजाय सड़क पर बिखरे सेब उठाने में लग गए। काफी मशक्कत के बाद चालक खुद केबिन से बाहर निकल सका। इसके बाद उसने पुलिस को हादसे की जानकारी दी।
नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक पलट गया
दूसरी घटना बरगी रोड पर हुई। शनिवार तड़के नेशनल हाईवे पर यूपी 70 एलटी 7100 नंबर का प्याज से लदा ट्रक पलट गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हाईवे पर अचानक मवेशी आ जाने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया।
