मध्य प्रदेश के सागर में बीना और आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग कार्य का असर सितंबर और अक्टूबर में रेल यात्रियों …और पढ़ें

HighLights
- डेढ़ महीने तक रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
- कई ट्रेनें रद्द और कुछ के स्टेशन बदले बीना
- बीना की जगह दूसरे स्टेशन से मिलेंगी ट्रेनें
नवदुनिया प्रतिनिधि, बीना। बीना और आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग कार्य का असर सितंबर और अक्टूबर में रेल यात्रियों पर पड़ेगा। 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चरणबद्ध तरीके से होने वाले काम के कारण कई ट्रेनें अलग-अलग अवधि में रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का बीना की जगह दूसरे स्टेशनों से संचालन होगा। कुछ ट्रेनों के मार्ग और बीना स्टेशन पर ठहराव में भी बदलाव किया गया है।
सबसे पहले 20 सितंबर से ललितपुर-बीना और बीना-ललितपुर मेमू (64618/64617) की सेवा 15 अक्टूबर तक बंद रहेगी। बीना-कटनी मुडवारा मेमू (61619/61620) भी 21 सितंबर और 28 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेगी। 30 सितंबर से बीना-रूठियाई और रूठियाई-बीना की चार मेमू सेवाएं भी 16 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगी। यात्रियों के लिए परेशानी अक्टूबर में और बढ़ेगी। भोपाल-ग्वालियर और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी (12197/12198) 1 से 15 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी।
भोपाल-दमोह राज्यरानी और दमोह-भोपाल राज्यरानी (22161/22162) भी 9 से 16 अक्टूबर के बीच प्रभावित रहेंगी। 15 अक्टूबर को भोपाल-खजुराहो और खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस तथा रानी कमलापति-संतरागाछी और वापसी की हमसफर एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी। श्रीधाम एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवा 26 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच प्रभावित होगी।
बीना की जगह दूसरे स्टेशन से मिलेंगी ट्रेनें
कुछ ट्रेनों को बीना तक लाने के बजाय आसपास के स्टेशनों पर ही रोक दिया जाएगा। कटनी-बीना मेमू का संचालन 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक खुरई तक सीमित रहेगा और वापसी की ट्रेन खुरई से चलेगी। कोटा-बीना मेमू महादेवखेड़ी जंक्शन तक आएगी, जबकि बीना-कोटा मेमू मुंगावली से चलेगी। इसी तरह कुछ सेवाओं का संचालन मंडीबमोरा और मालखेड़ी से किया जाएगा। बिलासपुर-भोपाल और भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस भी 6 से 15 अक्टूबर के बीच भोपाल के बजाय बीना मालखेड़ी जंक्शन तक ही चलेंगी। 15 अक्टूबर को नई दिल्ली-रानी कमलापति और रानी कमलापति-नई दिल्ली शताब्दी का संचालन भी रानी कमलापति की जगह ललितपुर से होगा।
छह ट्रेनें बीना को पार कर मालखेड़ी तक जाएंगी
ग्वालियर-बीना और बीना-दमोह सहित छह सवारी ट्रेनों के गंतव्य में भी बदलाव किया गया है। ये ट्रेनें 20 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच मालखेड़ी या कटनी मुडवारा तक चलेंगी और फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेंगी। इससे इन ट्रेनों से बीना स्टेशन पर उतरने या चढ़ने वाले यात्रियों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था देखनी होगी।
रेलवे के अनुसार यार्ड रिमाडलिंग पूरी होने के बाद बीना और आगासौद यार्ड की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। इससे ट्रेनों के संचालन और ठहराव का प्रबंधन बेहतर होने तथा समयपालन में सुधार की उम्मीद है। इस दौरान यात्री यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग और प्रारंभिक व गंतव्य स्टेशन की जानकारी जांचकर ही यात्रा करें।
