इंटरनेट मीडिया पर वीडियो हो रहा बहुप्रसारित।

चोरी के शक में खंबे से बांधकर पीटा
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो हो रहा बहुप्रसारित।
छिंदवाड़ा। जिले के चौरई में चोरी के शक में दो लोगों को बेल्ट से पीटने का मामला सामने आया है। चौरई नगर के चंदनवाड़ा रोड स्थित एक कृषि केंद्र में काम करने वाले दो युवकों को चोरी के शक में खंभे से बांधकर बेल्ट से पीटे जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।दोनों युवक चंदनवाड़ा रोड बस स्टैंड के पास स्थित त्रिमूर्ति ट्रेडर्स एवं कृषि केंद्र में काम करते थे। किसी सामान की चोरी का संदेह होने पर उन पर आरोप लगाया गया । इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचाने के बजाय कथित तौर पर दोनों युवकों को मौके पर ही रोक लिया गया। आरोप है कि उन्हें खंभे से बांधकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों युवक खंभे से बंधे दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें बेल्ट से मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश करते दिखते हैं लेकिन उनके साथ लगातार मारपीट होती रहती है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी भी दिखाई देता है। वीडियो में वह कैमरे से बचने की कोशिश करता नजर आता है। साथ ही कुछ आवाजें भी सुनाई देती हैं, जिनके आधार पर इंटरनेट मीडिया पर पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इस मामले में पुलिस की ओर से जानकारी सामने आना बाकी है। पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि मारपीट किस परिस्थिति में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
