भिंड क्राइम न्यूज: घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के स्वजन ने पुलिस के सामने हत्या…और पढ़ें

HighLights
- लहार के हलुआपुरा गांव की घटना
- ससुराल में मिली जमीन पर रहता था मृतक
- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया न्यूज, भिंड (लहार)। लहार थाना क्षेत्र के हलुआपुरा गांव में ससुराल में रह रहे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मृतक के स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गोविंद दिवाकर पुत्र ठकुरी दिवाकर निवासी ज्ञानपुरा थाना दबोह के रूप में हुई है।
गोविंद को सुसराल में मिली थी जमीन
जानकारी के अनुसार गोविंद अपनी ससुराल हलुआपुरा में रह रहा था। बताया गया है कि उसे ससुराल में ही जमीन भी मिली थी। बीती रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के स्वजन ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
उनका कहना है कि गोविंद की हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है। – शिव सिंह यादव, डीएसपी व थाना प्रभारी, लहार
