नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। धनगांव पुलिस ने ग्राम सुलगाव में चल रहे जुआ फड़ पर फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई को सफल बनाने के लिए पुलिस टीम ने मजदूर और किसान का वेश धारण किया। पुलिसकर्मी फेटा बांधकर और ग्रामीणों की तरह खेतों के रास्ते मौके पर पहुंचे, जिससे जुआरियों को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुलगाव में सनावद-पुनासा रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पीछे खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थाना धनगांव पुलिस ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की।
मजदूर-किसान बनकर खेतों के रास्ते मौके पर पहुंची
पुलिस टीम मजदूर-किसान बनकर खेतों के रास्ते मौके पर पहुंची और दबिश देकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दशरथ चौहान निवासी बखरगांव, लाला उर्फ लक्ष्मीनारायण लखवारे निवासी पुनासा, रमीज खान और अनवर खान निवासी ढकलगांव जिला खरगोन को गिरफ्तार किया।
पुलिस को देखकर मौके से फरार
वहीं नईम निवासी सुलगाव, महिपाल सिंह निवासी सगड़ियाव सहित दो अन्य आरोपित पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज कर विवेचना शुरू
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 51 हजार 100 रुपये नकद, ताश की गड्डी, छह मोबाइल फोन और छह मोटरसाइकिल जब्त की हैं। आरोपितों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
