आज से नौतपा शुरू हो जाएगा, लेकिन नौतपा के पहले से ही प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है। खासतौर से पूर्वी इलाकों में तापमान का ग्राफ नीचे नहीं आ रहा। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आज से नौतपा शुरू हो जाएगा, लेकिन नौतपा के पहले से ही प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है। खासतौर से पूर्वी इलाकों में तापमान का ग्राफ नीचे नहीं आ रहा। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छतरपुर और दतिया जिले में तो तीव्र लू चली। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी पारा आसमान छू रहा है।
दतिया में 45.0 डिग्री, टीकमगढ़ में 44.8 डिग्री, सागर और सतना में 44.2 डिग्री, जबकि ग्वालियर, गुना, राजगढ़ और श्योपुर में तापमान 44 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। पूर्वी इलाकों में पारा 45.8 डिग्री तक और पश्चिमी इलाकों में 45.0 डिग्री तक पहुंच गया है।
कई जगह चली धूल भरी आंधी, रातें भी हुईं गर्म
कई जगह चली धूल भरी आंधी। प्रदेश में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी तप रही हैं। रायसेन में न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं सतना, दतिया, राजगढ़, भोपाल और जबलपुर जैसे शहरों में भी रात का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहा, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इसी बीच बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, सीहोर और देवास में धूल भरी आंधी ने मुश्किलें और बढ़ा दीं।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
अगले 5 दिन कोई राहत नहीं।
- रेड अलर्ट (तीव्र लू): सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी।
- ऑरेंज अलर्ट: जबलपुर, सागर, दतिया, रीवा समेत 17 जिले।
- येलो अलर्ट: भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, इंदौर संभाग के जिलों सहित 22 जिले।
अस्पतालों में बढ़े हीट स्ट्रेस और डिहाइड्रेशन के मरीज
हीट स्ट्रेस और डिहाइड्रेशन। भीषण गर्मी का सीधा असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। हमीदिया अस्पताल के डॉ. जेपी अग्रवाल के अनुसार लगातार बढ़ रहे तापमान की वजह से अस्पताल में हीट स्ट्रेस और डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि हमीदिया अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या पहले जहां रोजाना 55 थी, वहीं अब यह बढ़कर 72 मरीज प्रतिदिन तक पहुंच गई है।
