ग्वालियर क्राइम समाचार: युवक आदी सिकरवार को जब थाने लाकर पूछताछ की गई तो वह बोला कि इंटरनेट मीडिया पर लाइक, व्यू के लिए यह हरकत की थी।

HighLights
- कार पर लिखे अश्लील स्लोगन और स्टीकर
- लाइक और व्यूज के चक्कर में कार से रंगबाजी
- वायरल वीडियो पर पुलिस का सख्त एक्शन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सड़क पर कार से रंगबाजी करने वाले एक युवक को यातायात पुलिस ने पकड़ा है। उसने पूरी कार पर लिप्सटिक वाले होठ ‘लिपस्टिक हसबैंड’ के स्टीकर लगवा रखे थे। अनर्गल स्लोगन भी कार पर लिख रखे थे। इससे सड़क पर महिला, युवतियां असहज होती थीं। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। युवक आदी सिकरवार को जब थाने लाकर पूछताछ की गई तो वह बोला कि इंटरनेट मीडिया पर लाइक, व्यू के लिए यह हरकत की थी।
इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने जताई आपत्ति
पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही थी। इसमें कार एमपी07 सीसी 9452 सड़क पर घूमती दिख रही थी। पूरी कार पर लिप्स्टिक वाले होठ के निशान बने थे, जो आम लोगों को असहज कर रहे थे। खासकर सड़क पर चलने वाली महिलाओं को। लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर इसे लेकर आपत्ति जताई। जब पुलिस अधिकारियों के पास यह वीडियो पहुंचा तो तलाश शुरू की। गोला का मंदिर यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी और उनकी टीम ने कार को पकड़ लिया। कार चालक का नाम आदी सिकरवार है।
थाने आने से पहले अकाउंट निष्क्रिय किया
जब पुलिस उसके घर पहुंची तो गायब मिला। पुलिस ने कार जब्त की। उसे थाने बुलवाया। स्वजन ने फोन कर उसे बताया। जब वह थाने आया तो इंस्टा, फेसबुक अकाउंट निष्क्रिय कर चुका था।
