जांच में स्टोर में करीब 50 मीट्रिक टन यानी 5,000 क्विंटल शकर का स्टॉक पाया गया। प्रबंधन ने इसे सिस्टम की गलती बताया।

HighLights
- ऑनलाइन रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
- मौके पर मिला 50 मीट्रिक टन स्टॉक
- प्रबंधन ने इसे सिस्टम की गलती बताया
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। त्योहारी सीजन के दौरान शकर के बढ़ते दामों को देखते हुए स्टॉक व बिक्री के नये नियम लागू किए गए हैं। जिसके तहत केंद्र सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के अंतर्गत शकर एवं खाद्य तेल निदेशालय द्वारा देश भर में जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए बड़े खुदरा स्टोरों और गोदामों के स्टॉक की औचक जांच की जा रही है।
इसी बीच निदेशालय की टीम की भोपाल स्थित डी मार्ट में शकर के स्टाक में गड़बड़ी मिली थी, जिससे टीम यहां जांच करने पहुंची।
स्टॉक में मिली गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार अयोध्या बायपास स्थित डी मार्ट द्वारा ऑनलाइन रिकार्ड में करीब पांच हजार मीट्रिक टन शकर का स्टॉक दर्ज किया गया था। जिसका पता चलते ही शकर निदेशालय की टीम गुरुवार को डी मार्ट पहुंची और स्टॉक की जांच की, जिसमें सिर्फ 50 मीट्रिक टन यानि पांच हजार क्विंटल शकर स्टॉक में होना पाई गई।
सुधार करने की हिदायत दी
डी मार्ट प्रबंधन ने टीम को बताया कि सिस्टम की गलती की वजह से पांच हजार क्विंटल की जगह मीट्रिक टन दर्ज हो गया था, जिसे बाद में सुधार कर लिया गया था।
सिस्टम पर जानकारी अपडेट होने से पहले ही टीम भोपाल जांच करने पहुंच गई। हालांकि टीम ने प्रबंधन को नियमों का पालन करते हुए स्टॉक व बिक्री करने की सलाह दी है।
बता दें कि डी मार्ट ऑफलाइन स्टोर्स पर प्रति ग्राहक या प्रति रसीद केवल दो से पांच किलोग्राम तक ही शकर खरीदने की अनुमति दी गई है।
