नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़ी के पास नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्ची और वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहाड़ी के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा
स्टेशन से वापस लौटते समय ग्राम पहाड़ी के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बोलेरो कई पलटियां खाते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में अमरपाटन निवासी 7 वर्षीय जुली पटेल तथा 70 वर्षीय चालक भूपेन्द्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी घायलों का उपचार जारी
वहीं रीतू पटेल, हिमांशु पटेल, अमित दाहिया, सुभद्रा पटेल, कल्पना पटेल, बिन्नू दाहिया, सचेत पटेल और 3 वर्षीय वेदांत दाहिया सहित आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार बोलेरो में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
