तेज धूप और लू के कारण आमजन को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। …और पढ़ें

HighLights
- तापमान में 2 डिग्री का उछाल
- रात का पारा भी 34 डिग्री के पार
- लू के थपेड़ों से थमी भिंड की रफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिले में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। नौतपा समाप्त होने के बाद भी तापमान में कमी नहीं आ रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल सकी।
सुबह 9 बजे के बाद से ही सूरज के तेवर तीखे हो गए और दिनभर झुलसाने वाली गर्म हवाएं चलती रहीं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी, जबकि बाजारों में भी लोगों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। तेज धूप और लू के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्य बाजार और चौराहे रहे सूने
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में शुष्क मौसम बना हुआ है। हवा में नमी की मात्रा कम होने से तापमान लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह वातावरण में आर्द्रता 46 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम तक घटकर 24 प्रतिशत रह गई। नमी में कमी और गर्म हवाओं के कारण गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस किया गया। शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले ग्रामीण भी गर्मी से परेशान नजर आए। कई लोग धूप से बचाव के लिए तिरपाल, गमछा और अन्य साधनों का उपयोग करते दिखाई दिए। दोपहर के समय मुख्य बाजारों और चौराहों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही लू का असर भी बरकरार रहेगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। शिशु रोग विशेषज्ञ डा. केके गुप्ता के अनुसार गर्म हवाओं और लू का सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ता है। बच्चों को धूप और गर्म हवा से बचाकर रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थ दें। बुखार, उल्टी या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
