नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 (एनएच-44) पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मजदूरों से भरा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
ज्यादातर मजदूर छिंदवाड़ा जिले के हरई क्षेत्र के
इस दुर्घटना में वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से ज्यादातर मजदूर छिंदवाड़ा जिले के हरई क्षेत्र के रहने वाले हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे मजदूरों से भरी पिकअप जैसे ही दादा महाराज मंदिर के ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी अत्यधिक गति होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।
वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई
वाहन अनियंत्रित होकर लहराया और बीच सड़क पर ही पलट गया। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना को देख बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए एकत्रित हो गए।
पुलिस और एम्बुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 सेवा और 108 एम्बुलेंस वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे में यह हुए हैं घायल
हादसे में मिथलेश पिता बाबूलाल रजक (35 वर्ष, निवासी यादव कालोनी नरसिंहपुर), लम्बू (निवासी हरई), रामगोपाल पिता मधु उइके (32 वर्ष, निवासी बटका थाना हरई), नीलेश कुमार पिता विश्वास इनवाती (29 वर्ष, निवासी अटारी थाना हरई), कोंकणराम पिता कमल सिंह नौरिया (35 वर्ष, निवासी महका थाना ठेमी) और नरबदी बाई पिता राजकुमार (32 वर्ष, निवासी रातामाटी थाना हरई, वर्तमान मगरधा स्टेशनगंज) घायल हुए हैं।
