मानसून की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने से तापमान में बड़ी बढ़ोतरी…और पढ़ें

HighLights
- जबलपुर में तापमान सामान्य से नीचे
- दिनभर रुक-रुककर बारिश गर्मी कम
- अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मानसून की सक्रियता के चलते जबलपुर समेत संभाग के अन्य जिलों में मौसम का मिजाज सुहावना बना हुआ है। बुधवार को दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही रही और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
पिछले 24 घंटे में कुल 9.5 मिलीमीटर वर्षा हुई
मौसम विज्ञान कार्यालय के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार सुबह से शाम तक जिले में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले 24 घंटे में कुल 9.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।
कहीं-कहीं झंझावात और वज्रपात की आशंका
सीजन में अब तक 586.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले के अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं झंझावात और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
किसानों के लिए भी मौसम अनुकूल
27 अगस्त के बाद भी जिले में बारिश का सिलसिला बने रहने का पूर्वानुमान है। लगातार हो रही बारिश से जहां शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी मौसम अनुकूल बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
