घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय का माहौल बन गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर …और पढ़ें

HighLights
- करमेता में बदमाश के साथियों ने फैलाई दहशत
- धमाकों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई
- घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरों में भी कैद
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में छह से सात नकाबपोश युवकों ने करमेता पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले एक प्राॅपर्टी डीलर के घर पर बम फेंककर दहशत फैलाई। क्षेत्र के एक बदमाश ने पहले एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं मिलने पर अपने साथियों को भेजकर घर पर बम फिकवा दिए।
इंटरनेट काॅल के माध्यम से संपर्क किया था
करमेता निवासी सुमित चौबे प्राॅपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। करीब आठ-नौ दिन पहले उन्हें बदमाश सौरभ यादव ने इंटरनेट काॅल के माध्यम से संपर्क किया था।
कहा कि उसके घर पर बम फिकवाए जा रहे हैं
आरोप है कि सौरभ ने सुमित से एक लाख रुपये की मांग करते हुए रकम अपने साथी मोहित विश्वकर्मा उर्फ मुन्नी को देने के लिए कहा। रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। सौरभ यादव ने दोबारा फोन कर सुमित को धमकाया और कहा कि उसके घर पर बम फिकवाए जा रहे हैं।
घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद
कुछ ही देर बाद मोहित विश्वकर्मा, शिवांक यादव और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और घर के बाहर बम फेंक दिए। धमाकों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। फुटेज में कई युवक घर के पास पहुंचकर बम फेंकते और फिर मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं।
सौरभ भैया जो बोले कर देना नहीं तो अंजाम बुरा होगा
वारदात को अंजाम देने के लिए सौरभ यादव के साथी चेहरे पर गमछा लपेटकर सुमित के घर पहंचे। छह से सात युवक थे। वे गेट खोलकर सुमित के घर के दरवाजे तक पहुंचे। उसके बाद बम पटककर भाग गए। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियोें ने धमकाया कि सौरभ भैया जो बोले है वह कर देना, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। तुझे और तेरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
पहले भी अपराध में आ चुका है आरोपी का नाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि सौरभ यादव क्षेत्र का शातिर बदमाश है। उसका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी और डर का माहौल है।
माढ़ोताल पुलिस ने सौरभ यादव, मोहित विश्वकर्मा, शिवांक यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- फरार बदमाशों को पकड़ने तकनीक का सहारा, जबलपुर में कसा गिरफ्तारी का शिकंजा
