पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। नाले में बाइक भी बरामद कर ली गई है। तेज बहाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम को काफी म…और पढ़ें

HighLights
- करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला
- एसडीआरएफ की टीम ने शव बरामद कर लिया
- मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के नागौद क्षेत्र में ललचहा-इटमा नाले में तेज बहाव के कारण बाइक सवार तीन लोग बह गए। हादसे में दो युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरे व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव बरामद कर लिया। शव रपटे से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने नाले से बाइक भी बरामद कर ली है।
अनियंत्रित बाइक पानी में गिर गई और तीनों बहाव में बह गए
जानकारी के अनुसार, सेमरी निवासी बालेंद्र सिंह उर्फ गप्पू बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में अमसिल निवासी दीपू पाण्डेय उनके साथ बाइक पर सवार हो गए। कुछ आगे जाने पर एक अन्य व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी, जिसे भी बाइक पर बैठा लिया गया। तीनों ललचहा-इटमा नाले के पास पहुंचे, जहां पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पानी में गिर गई और तीनों बहाव में बह गए।
किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए दो लोग
हादसे के बाद बालेंद्र सिंह और दीपू पाण्डेय किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए और अपने घर चले गए। तीसरे व्यक्ति के लापता होने की जानकारी शनिवार सुबह ग्रामीणों को मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर नाले में तलाश शुरू की।
500 मीटर दूर झाड़ियों में शव फंसा मिला
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम को रपटे से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। नाले में बाइक भी बरामद कर ली गई है। तेज बहाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
