थाटीपुर क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड डिप्टी रेंजर तीन माह में दूसरी बार साइबर ठगी का शिकार हो गए।

HighLights
- ग्वालियर में रिटायर्ड डिप्टी रेंजर तीन माह में दूसरी बार साइबर ठगी का शिकार
- गुम मोबाइल के जरिए बैंक खाते से फिर 80 हजार रुपये निकाले गए
- पीड़ित ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। थाटीपुर क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड डिप्टी रेंजर तीन माह में दूसरी बार साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगी उसी मोबाइल के जरिए हुई, जो फरवरी में गुम हो गया था। तीन माह पहले उनके बैंक खाते से 11.74 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। अब दोबारा 80 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि वह लगातार पुलिस से आरोपितों को पकड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से फिर ठगी हो गई।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार थाटीपुर स्थित इंद्रानगर निवासी 67 वर्षीय रामलखन शर्मा पुत्र स्व. ख्यालीराम शर्मा वन विभाग से रिटायर्ड हैं। फरवरी में उनका मोबाइल गुम हो गया था। इसके बाद ठगों ने मोबाइल के जरिए उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर 11.74 लाख रुपये निकाल लिए थे। घटना के बाद उन्होंने थाटीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपितों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। पीड़ित लगातार आशंका जता रहे थे कि दोबारा भी ठगी हो सकती है, लेकिन इस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई।
मोबाइल नंबर बदलकर की दोबारा ठगी
पीड़ित के अनुसार ठगों ने गुम मोबाइल के जरिए उनके बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर बदलकर अपना नंबर दर्ज करा लिया। इसी वजह से खाते से रुपये निकलने के दौरान न तो उनके पास कोई कॉल आया और न ही ओटीपी पहुंचा। इसके बाद ठगों ने खाते से दोबारा 80 हजार रुपये निकाल लिए।
पांच ट्रांजैक्शन में निकाले रुपये
ठगों ने इस बार पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन में रकम निकाली। पहली बार 79,443 रुपये निकाले गए, जबकि शेष राशि चार अन्य ट्रांजैक्शन में निकाली गई। इससे पहले भी 11.74 लाख रुपये इसी तरह अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से निकाले गए थे।
