खंडवा के छैगांवमाखन थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के सिरसौद बंजारी गांव के पास शिवा बाबा के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं का तूफान वाहन खाई में गिर गया। …और पढ़ें

HighLights
- गूगल मैप देखते समय आई झपकी, खाई में गिरा वाहन
- शिवा बाबा दर्शन को जा रहे थे आलीराजपुर के श्रद्धालु
- ड्राइवर फरार, पुलिस ने गाड़ी जब्त कर शुरू की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा जिले के छैगांवमाखन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसौद बंजारी गांव के पास शुक्रवार तड़के श्रद्धालुओं से भरा एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल श्रद्धालु आलीराजपुर जिले के निवासी हैं और शिवा बाबा के दर्शन करने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन चालक गूगल मैप के सहारे रास्ता देख रहा था। इसी दौरान उसे झपकी आ गई, जिससे वाहन अचानक सड़क से नीचे उतरकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
