नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने कटनी-सतना-कटनी के बीच चार-चार ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन 28 से 31 अगस्त तक प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।
कटनी से सतना
गाड़ी संख्या 09015 रक्षाबंधन अनारक्षित स्पेशल 28 से 31 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 5:45 बजे कटनी से रवाना होगी और सुबह 8:45 बजे सतना पहुंचेगी। ट्रेन पटवारा, झुकेही, पकरिया रोड, अमदरा, घुनवारा, भदनपुर, मैहर, उंचेहरा और लगरगवां स्टेशनों पर ठहरेगी।
सतना से कटनी
गाड़ी संख्या 09016 सतना-कटनी अनारक्षित स्पेशल इसी अवधि में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे सतना से रवाना होगी और रात 8:50 बजे कटनी पहुंचेगी। वापसी में भी ट्रेन लगरगवां, उंचेहरा, मैहर, भदनपुर, घुनवारा, अमदरा, पकरिया रोड, झुकेही और पटवारा स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में सामान्य श्रेणी के कोच तथा एसएलआरडी कोच उपलब्ध रहेंगे।
फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेगी कटरा-जबलपुर एक्सप्रेस
उत्तर रेलवे के हजरत निजामुद्दीन–पलवल रेलखंड के फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 45 दिन का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों के ठहराव में अस्थायी बदलाव किया गया है।
सात ट्रिप में ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेगी
पश्चिम मध्य रेल से संचालित गाड़ी संख्या 11450 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस का फरीदाबाद स्टेशन पर निर्धारित ठहराव भी प्रभावित रहेगा। 31 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित सात ट्रिप में ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में बढ़ाए स्लीपर कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने सोगरिया (कोटा)-दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी का एक कोच स्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक थर्ड एसी इकॉनमी कोच को हटाकर उसकी जगह शयनयान श्रेणी का कोच लगाया जाएगा।
नए कोच संयोजन के बाद दोनों ट्रेनों में कुल 22 कोच रहेंगे
गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में यह बदलाव 2 नवंबर 2026 से और गाड़ी संख्या 19802 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर से प्रभावी होगा। नए कोच संयोजन के बाद दोनों ट्रेनों में कुल 22 कोच रहेंगे। इनमें दो सेकंड एसी, दो थर्ड एसी, छह थर्ड एसी इकॉनमी, छह शयनयान, चार सामान्य श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
अवसरों पर बढ़ने वाले यात्री यातायात को भी राहत मिलेगी
यह ट्रेन सोगरिया से चलकर बारां, रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना होते हुए दानापुर पहुंचती है। शयनयान का अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जुड़ने से यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ मिल सकेंगी। इससे त्योहारों और अन्य अवसरों पर बढ़ने वाले यात्री यातायात को भी राहत मिलेगी।
