प्रदेश में वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेजों में प्रवेश लेने के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 जुलाई 2026 को किया जाए …और पढ़ें

HighLights
- MP ESB ने घोषित की वेटरनरी डिप्लोमा प्रवेश परीक्षा की तारीख
- प्रदेश के 11 कॉलेजों की 1100 सीटों के लिए जुलाई में इम्तिहान
- अगस्त में रिजल्ट और सितंबर से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रदेश में वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेजों में प्रवेश लेने के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 जुलाई 2026 को किया जाएगा। प्रदेश में हर साल प्रवेश प्रक्रिया में होने वाली देरी और उसके कारण शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए इस बार परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही तय कर दिया गया है। इसका उद्देश्य समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर नए शैक्षणिक सत्र की नियमित शुरुआत सुनिश्चित करना है।
कॉलेजों और सीटों का विवरण
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के पांच शासकीय और छह अशासकीय वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेजों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन संस्थानों में कुल मिलाकर लगभग 1100 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। पशुपालन और वेटरनरी क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले हजारों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
हर साल प्रभावित होता था शैक्षणिक सत्र
पिछले वर्षों में प्रवेश परीक्षा, परिणाम घोषित होने और काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने में काफी समय लग जाता था। इसके चलते कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाता था और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। कई बार कक्षाएं वर्ष के अंतिम महीनों में शुरू होने के कारण पाठ्यक्रम पूरा कराने में भी कठिनाई आती थी।
प्रवेश प्रक्रिया का पूरा कैलेंडर
इसी समस्या के समाधान के लिए इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया का पूरा कैलेंडर पहले से तैयार किया गया है। योजना के अनुसार जुलाई में परीक्षा आयोजित होगी, अगस्त में परिणाम घोषित किए जाएंगे और सितंबर तक काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद कॉलेजों में नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो सकेंगी।
आवेदन और दिशा-निर्देश जारी
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जारी कर दी हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर कॉलेजों और सीटों का आवंटन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर-एदलाबाद हाईवे पर शुरू होने से पहले ही धंसी पुलिया, एक हफ्ते के लिए आवाजाही बंद, गुणवत्ता पर उठे सवाल
वेटरनरी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार
विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने से वेटरनरी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को नियमित शैक्षणिक सत्र का लाभ मिल सकेगा। इससे प्रदेश में प्रशिक्षित पशु स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
विवि इस बार डिप्लोमा परीक्षा जल्द से जल्द शुरू कराएगा, ताकि समय पर सेशन शुरू हो सके। कर्मचारी मंडल ने डिप्लोमा की परीक्षा तिथि भी जारी कर दी है। परीक्षा और परिणाम के बाद हम काउंसलिंग प्रक्रिया भी जारी करेंगें।- प्रो. एसएस तोमर, कुलसचिव, वेटरनरी विवि
