नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दो और तीन सितंबर से प्रदेश भर में वर्षा का नया दौर शुरू होगा। वर्तमान में नमी के चलते आसमान पर बादल छाए हुए हैं और उत्तरी हवाएं चल रही हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, इसके प्रभाव से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी।
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि दो और तीन सितंबर से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में जोरदार वर्षा शुरू होगी। इसके बाद सिस्टम के आगे बढ़ने पर चार और पांच सितंबर को भोपाल सहित मध्य क्षेत्र के जिलों में तेज वर्षा का सिलसिला देखने को मिलेगा।
रविवार शाम तक मंडला में 16 और सीधी में 11 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रीवा, सतना और जबलपुर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। भोपाल में दिन भर बादल छाए रहे। बादलों और नमी की वजह से सीधी और सतना में दिन का पारा चार डिग्री से अधिक गिर गया, जबकि सागर, रीवा, रायसेन, छतरपुर जिले के नौगांव, मंडला और गुना में तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी
सोमवार को सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में वर्षा, बिजली चमकने एवं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर व जबलपुर समेत बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हवाएं चलेंगी।
वहीं एक सितंबर को सीधी, उमरिया और मंडला जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
| भोपाल | 27.4 | 23.2 |
| इंदौर | 28.2 | 22.8 |
| ग्वालियर | 31.3 | 26.4 |
| जबलपुर | 27.9 | 23.9 |
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।)
