भिंड क्राइम समाचार: अमन के फांसी लगाने की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना डायल-112 को दी गई।

HighLights
- रक्षाबंधन पर मायके गई थी पत्नी
- दरवाजा न खुलने पर पड़ोस की छत से देखा
- पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वाटर वर्क्स स्थित शहीद कालोनी में रविवार दोपहर 24 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक घर में अकेला था। उसकी पत्नी रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के लिए मायके गई हुई थी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पत्नी गई थी मायके, अमन घर में था अकेला
जानकारी के अनुसार अमन पुत्र राजेश सिंह राजावत निवासी शहीद कालोनी, वाटर वर्क्स रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर के अंदर था। बताया गया है कि उसकी पत्नी कीर्ति राजावत रक्षाबंधन पर अपने मायके गई थी। घर पर अमन अकेला था। दोपहर में कीर्ति अपने भाई सुमित भदौरिया के साथ वापस घर पहुंची। घर के गेट पर ताला लगा था। दोनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुमित पड़ोस के मकान की छत से होते हुए अमन के घर के ऊपर पहुंचा। वहां से अंदर देखने पर अमन कमरे में फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया।
घर में मच गई चीख-पुकार
अमन के फांसी लगाने की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के लिए मार्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के पिता राजेश सिंह राजावत गांव में खेती-किसानी करते हैं। अमन की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटी छोड़ गया है।
युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया गया है। मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। – मुकेश शाक्य, टीआई थाना सिटी कोतवाली।
