नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आपात स्थिति से निपटने पर्याप्त नहीं थे संसाधन- पर्यटन विभाग का दावा है कि क्रूज की क्षमता 70 पर्यटकों की थी। छोटे बच्चों को टिकिट नहीं लगता था, इसलिए बच्चों को मिलाकर क्रूज में निर्धारित क्षमता 70 से अधिक पर्यटक सवार हो सकते थे। अधिक पर्यटक क्षमता के अनुमान के बावजूद आपात स्थिति से निपटने पर्यटन विभाग के मौके पर पर्याप्त संसाधन नहीं थे।
यदि मिनी बोट और रेस्क्यू दल के सदस्य की संख्या अधिक होती तो क्षति और कम हो सकती थी। क्रूज में रखी लाइफ जैकेट भी वयस्क पर्यटक यात्रियों के साइज की थी। बच्चों के लिए अलग से छोटे साइज की लाइफ जैकेट नहीं थी।
यह भी कमी सामने आई
लाइफ जैकेट तो रखी गई थी कि लेकिन आपदा की स्थिति में उनके उपयोग को लेकर क्रूज में सवारी से पूर्व पर्यटकों को जानकारी नहीं दी जाती थी। जिस प्रकार फ्लाइट में आपात स्थिति में एयरबैग को लेकर जानकारी दी थी, ऐसी कोई व्यवस्था क्रूज में पर्यटकों को लाइफ जैकेट पहनने को लेकर नहीं दी जाती थी।
प्रोटोकाल नहीं बताए जाने से भी हड़बड़ी
विशेषज्ञों का मानना है कि लाइफ जैकेट को पहनने का निर्धारित तरीका होता है। उसे शरीर से चिपकाकर पहनने के साथ ही टाइट बांधना होता है। प्रोटोकाल नहीं बताए जाने से भी हड़बड़ी में कुछ पर्यटकों ने बस उसे अपने ऊपर ओढ़ लिया।
जैकेट को अच्छी तरह नहीं बांध सकी
दिल्ली निवासी मरीना मैसी के बच्चे को सीने से चिपकाए मिले शव से भी यह आशंका जताई जा रही है कि जानकारी के अभाव में लाइफ जैकेट को अच्छी तरह नहीं बांध सकी। घटना में उनके और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
.jpeg)
क्रूज पीड़ितों को दो 50-50 लाख रुपये सहायता राशि
मुस्लिम विकास परिषद, जिला जबलपुर ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। इसमें मांग की गई कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि अविलंब प्रदान की जाए। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर हो।
क्रूज हादसे को लेकर ज्ञापन
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि बरगी बांध क्रूज हादसे में पर्यावरणीय अनुमति के संबंध में झूठ फैलाया जा रहा है। घटना के बाद यह बयान सामने आया कि क्रूज संचालन हेतु पर्यावरणीय अनुमति की जरूरत नहीं है। जबकि नियम कायदे अगल हैं।
बरगी बांध हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि
कनफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग ने बरगी बांध हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में रसल चौक क्षेत्र में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी। शोक सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के लिए प्रार्थना की।
सुरक्षा के प्रति अधिक सजग रहने की आवश्यकता
पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और हमें सुरक्षा के प्रति अधिक सजग रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी अपने विचार रखे।
घटनाओं से बचने के लिए प्रयास करने होंगे
भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम का आयोजन कैट महिला विंग की नेशनल कन्वीनर सीमा सिंह चौहान के नेतृत्व में किया गया।
