ई-अटेंडेंस को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग स्पष्ट दिशा-निर्देशों के साथ नया सर्कुलर जारी करने की तैयारी में है, ताकि अधिकारों का दुरुपयोग न हो।

HighLights
- ई-अटेंडेंस में देरी के मामलों में संकुल प्राचार्य राहत दे सकेंगे
- दिशा-निर्देशों के साथ नया सर्कुलर जारी करने की तैयारी
- विभाग जारी करेगा 15 दिन में नया सर्कुलर
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षकों की शिकायतों के बीच स्कूल शिक्षा विभाग अब संकुल प्राचार्यों को राहत देने के अधिकार देने की तैयारी कर रहा है। लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के अनुसार अगले 15 दिन में इस संबंध में नया सर्कुलर जारी किया जा सकता है।
संकुल प्राचार्यों को उचित और व्यवहारिक कारण होने पर ई-अटेंडेंस दर्ज करने में हुई देरी के मामलों में राहत देने का अधिकार मिलेगा।
दुरुपयोग करने पर कार्रवाई
हालांकि, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे, ताकि अधिकारों का मनमाना इस्तेमाल न हो। आयुक्त ने बताया कि अब रोजाना 97 से 98 प्रतिशत शिक्षक ई-अटेंडेंस लगा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य शिक्षकों को परेशान करना नहीं, बल्कि व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।
तकनीकी या वास्तविक व्यवहारिक परेशानी को स्वीकार किया जाएगा, लेकिन आदतन ई-अटेंडेंस नहीं लगाने या इसका दुरुपयोग करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
नियमित अटेंडेंस जरूरी
जून में ई-अटेंडेंस के कारण जिन शिक्षकों का वेतन रोका या काटा गया है, उन्हें भुगतान किया जाएगा। इसके लिए जुलाई और अगस्त में उनकी ई-अटेंडेंस नियमित होना जरूरी होगा।
शिक्षक अपनी तकनीकी या व्यवहारिक समस्या संकुल प्राचार्य को बता सकते हैं। विभाग शिक्षक सॉफ्टवेयर में आ रही दिक्कतों को भी दूर करेगा।
