धार जिले के निसरपुर क्षेत्र के ग्राम करौंदिया में गुरुवार-शुक्रवार की रात खेत में काम के दौरान तेंदुआ दिखने से किसानों में दहशत फैल गई। …और पढ़ें

HighLights
- ट्रैक्टर के सामने आया तेंदुआ, किसान ने बनाया वीडियो
- गर्मी-पानी की कमी से खेतों की ओर आ रहे वन्य जीव
- सरदार सरोवर बैकवॉटर भरने से जंगली जानवरों का बदला रुख
नईदुनिया प्रतिनिधि, सुसारी/धार। धार जिले के निसरपुर क्षेत्र के ग्राम करौंदिया में गुरुवार-शुक्रवार की रात खेत में खेती कार्य के दौरान एक तेंदुआ दिखाई देने से किसानों में दहशत का माहौल बन गया। किसान राहुल सोमरे के भाई रात करीब 9 बजे खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर के सामने तेंदुआ आ गया और कुछ दूरी तक आगे-आगे चलता रहा। किसान ने मोबाइल से इसका वीडियो भी बना लिया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में तेंदुआ शांत अवस्था में खेत के रास्ते पर चलता नजर आ रहा है। किसान ने बताया कि तेंदुआ कुछ देर खेत के आसपास घूमता रहा और बाद में नर्मदा किनारे की ओर लौट गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और जंगल क्षेत्रों में पानी की कमी के चलते वन्य जीव आबादी और खेतों की ओर पहुंच रहे हैं।
धार जिले में निसरपुर क्षेत्र में फिर दिखा तेंदुआ, किसानों में दहशत का माहौल#Dhar #MadhyaPradesh #MPNews #Leopard pic.twitter.com/W8UjyKUMrq
— NaiDunia (@Nai_Dunia) May 8, 2026
डूब प्रभावित क्षेत्रों से बाहर के इलाकों का रुख कर रहे वन्य जीव
वहीं क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार तेंदुए दिखाई देने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार सरदार सरोवर बांध के बैकवॉटर भरने के बाद नर्मदा किनारे रहने वाले वन्य जीव अब डूब प्रभावित क्षेत्रों से बाहर के इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और किसानों को सतर्क रहने की सलाह जारी करने की मांग की है।
