नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। टेलीग्राम पर होटल की रेटिंग और घर बैठे आनलाइन कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने सुदामा नगर के एक युवक को अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने शुरुआत में उसके खाते में 150 रुपये भेजकर भरोसा जीता। इसके बाद टास्क पूरा करने के नाम पर कभी एक हजार, कभी तीन हजार और फिर हजारों रुपये जमा करवाते गए। रकम बढ़ती गई तो लालच भी बढ़ाया गया।
आखिरकार युवक से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करवाने के बाद ठगों ने और रकम मांगनी शुरू कर दी। शक होने पर युवक ने अंतिम भुगतान करने से इन्कार कर दिया और पुलिस में शिकायत की। अन्नपूर्णा पुलिस ने 32 वर्षीय अमित सेवारिक की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना 22 जुलाई से 24 जुलाई के बीच की बताई गई है।
पीड़ित को इंस्टाग्राम पर घर बैठे काम कर पैसे कमाने का संदेश मिला। ठगों ने होटल को रेटिंग देने और उसका स्क्रीनशाट भेजने का टास्क दिया। इसके बाद यूपीआई नंबर मांगा और खाते में 150 रुपये भेज दिए। इसके बाद ठगों ने अगला टास्क देने के लिए एक हजार रुपये जमा करने को कहा।
अमित ने रकम भेजी तो टास्क पूरा होने के बाद खाते में 1440 रुपये भेज दिए गए। इसके बाद 3000 रुपये जमा करवाए और बदले में 4080 रुपये वापस किए। इस तरह ठगों ने शुरुआती चरण में भुगतान कर उसका विश्वास मजबूत किया।
15 हजार से 40 हजार तक पहुंच गई रकम
इसके बाद पांच हजार रुपये का टास्क दिया गया। फिर ठगों ने 15 हजार, 41 हजार और 69 हजार रुपये वाले विकल्प दिए। युवक ने 15 हजार रुपये का विकल्प चुना और रकम भेज दी। इसके बाद अगला टास्क 40 हजार रुपये का बताया गया और दावा किया गया कि इसे पूरा करने पर 79,240 रुपये मिलेंगे।
युवक ने उनके बताए बैंक खाते में 40 हजार रुपये जमा कर दिए। टास्क पूरा करने के बाद ठगों ने नया बहाना बनाया। कहा कि निर्देश के मुताबिक काम नहीं हुआ है और पूरी रकम ब्लाक हो गई है। इसके बाद उसे कथित ‘सीनियर’ से बात करने के लिए लिंक भेजी गई।
पैसा निकालने के नाम पर फिर मांगे 40 हजार
कथित सीनियर ने युवक को भरोसा दिलाया कि होल्ड रकम वापस मिल सकती है, लेकिन इसके लिए फिर 40 हजार रुपये का टास्क करना होगा। इस बार 1,31,270 रुपये वापस मिलने का लालच दिया गया। युवक से 20 हजार रुपये यूपीआई के जरिये और 20 हजार रुपये बैंक खाते में जमा करवाए गए। टास्क पूरा होने के बाद भी ठगों ने पीछा नहीं छोड़ा।
अंत में 65 हजार, 98 हजार और 1.18 लाख रुपये के विकल्प देकर 65 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। बदले में 2,22,270 रुपये लौटाने का झांसा दिया। इस बार युवक को ठगी का अहसास हो गया और उसने रकम देने से मना कर दिया। इसी तरह शिप्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा निवासी अमजद पटेल के साथ भी 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है।
