नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक डॉक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने, मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने और परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
परिवार के लोग कर रहे कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर मरीज के परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था
शिकायतकर्ता मोहम्मद इरशाद निवासी वार्ड क्रमांक 20 पुरानी बस्ती धनपुरी ने बताया कि सात मई 2026 को अपनी मां समसुननिशा को पेट में तेज दर्द होने के कारण धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था।
700 रुपये की जांच करा मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदीं
आरोप है कि डा. अभिषेक शर्मा द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बाहर से जांच और दवाइयां लिखी गईं। स्वजनों ने अस्पताल के बाहर स्थित निजी लैब से करीब 700 रुपये की जांच कराई और मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदीं।
चार घंटे तक नहीं लगाया गया इंजेक्शन, मां दर्द से तड़पती रहीं
शिकायतकर्ता इरशाद का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन लाने के बाद भी करीब चार घंटे तक मरीज को नहीं लगाया गया, जिससे उनकी मां दर्द से तड़पती रहीं।
गाली गलौज की और गलत इलाज करने की धमकी दी
जब उन्होंने डॉक्टर से मरीज को देखने की गुजारिश की तो डाक्टर ने आने से इंकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक डाक्टर ने अस्पताल पहुंचकर गाली गलौज की और गलत इलाज करने की धमकी दी।
शराब के नशे में दुर्व्यवहार का वीडियो भी बनाया है
स्वजनों का दावा है कि उन्होंने डॉक्टर के शराब के नशे में दुर्व्यवहार का वीडियो भी बनाया है। पीड़ित परिवार ने सीएमएचओ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। डाक्टर से संपर्क का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
