नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रतलाम पुलिस ने सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सड़क, पानी, बिजली, खाद-बीज की कालाबाजारी और क्षेत्रीय विकास की मांगों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (बाप) ने बुधवार को सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक शहर में बिना अनुमति प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने रोक लगा रखी है।
विधायक कलेश्वर डोडियार के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, शरद डोडियार और दिनेश माल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ रतलाम पहुंचे विधायक डोडियार ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना देकर प्रशासन को 48 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और आठ दिन में समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। सैलाना क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के रतलाम पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस ने बंजली बायपास पर ही उन्हें रोकने की रणनीति बनाई थी।
बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए
यहां प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक डोडियार के बीच चर्चा भी हुई, लेकिन इसी दौरान विधायक अपने समर्थकों के साथ शहर की ओर रवाना हो गए। इस पर कलेक्ट्रेट जाने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई।
जब कार्यकर्ता छत्रीपुल होते हुए कोर्ट तिराहे पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मोर्चा संभाल लिया।
समर्थकों के साथ फोरलेन पर धरने पर बैठ गए थे विधायक
दोपहर करीब तीन बजे विधायक डोडियार अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां एडीएम बृजेंद्र सिंह, एसडीएम तरुण जैन और डीएसपी अजय सारवान सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें मुख्य द्वार के बाहर ही रोक लिया। कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी सुबह से बैरिकेड लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया था।
कलेक्ट्रेट के भीतर प्रवेश नहीं मिलने पर विधायक डोडियार अपने समर्थकों के साथ फोरलेन सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर तक चली चर्चा के बाद उन्होंने 48 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन के वाचन में ही करीब एक घंटे का समय लग गया। शाम करीब पांच बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
आठ दिनों के अंदर मांगों पर कार्रवाई करने की मांग
ज्ञापन में खाद-बीज की कालाबाजारी और किसानों से अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाने, शिवगढ़ बायपास सड़क का निर्माण कराने, सरवन में उपमंडी शुरू करने, जल जीवन मिशन के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने, अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाने, सैलाना अस्पताल भवन का जीर्णोद्धार कराने तथा अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
विधायक डोडियार ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो भारत आदिवासी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
