युवक का कहना है कि वह स्वयं इंटरनेट मीडिया का बहुत कम उपयोग करते हैं और उनके नाम से संचालित उक्त आईडी उनकी नहीं है।

HighLights
- एक वर्ष से कर रहा है बदनाम करने की साजिश
- मझौली के युवक की साइबर सेल से कार्रवाई की मांग
- फर्जी प्रोफाइल संचालित करने वाले का पता नहीं चला
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाकर छवि धूमिल किए जाने का मामला सामने आया है। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम टिखरा निवासी एक युवक ने जिला साइबर सेल में शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फेसबुक पर फर्जी आइडी संचालित
शिकायतकर्ता ईश्वर पटेल (33) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से कोई अज्ञात व्यक्ति उनके नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी संचालित कर रहा है।
सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहा
फर्जी आइडी के माध्यम से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और परिवार व परिचितों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
व्यक्ति का पता नहीं चल सका
ईश्वर पटेल का कहना है कि उन्होंने कई रिश्तेदारों और मित्रों को उक्त फेसबुक आईडी दिखाकर उसकी जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन अब तक फर्जी प्रोफाइल संचालित करने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल सका।
फर्जी फेसबुक आइडी की तकनीकी जांच हो
शिकायतकर्ता ने साइबर सेल से फर्जी फेसबुक आइडी की तकनीकी जांच कर संचालक की पहचान करने तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- कैट को डीपीसी से बाहर होने की आशंका, आईपीएस चयन-2025 में संदीप मिश्रा को राहत देकर लगाया विराम
