कलेक्टर की जनसुनवाई में चॉकलेट के साथ आवेदन लेकर पहुंचे नौ साल के बच्चे की शिकायत का असर दूसरे दिन बुधवार को दिखा। …और पढ़ें

HighLights
- 9 साल के मानवेंद्र ने रिश्वत के तंज के रूप में अधिकारी को ऑफर की चॉकलेट
- शिकायत के अगले ही दिन नगर निगम उपायुक्त टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचे
- दो महीने से जमा कीचड़ और सीवर के गंदे पानी की कराई गई सफाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। कलेक्टर की जनसुनवाई में चॉकलेट के साथ आवेदन लेकर पहुंचे नौ साल के बच्चे की शिकायत का असर दूसरे दिन बुधवार को दिखा। दो माह पहले उपजी जिस समस्या पर अब तक ध्यान नहीं दिया जा रहा था, उसके समाधान के लिए नगर निगम उपायुक्त खुद टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद गली में भरे कीचड़ व गंदे पानी की निकासी कराई गई।
‘अगर ले-देकर ही काम करना है तो ये लीजिए चॉकलेट’
गौरतलब है कि मंगलवार को कलेक्टरेट में हुई जनसुनवाई में छठी में पढ़ने वाला मानवेंद्र पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी संजय कॉलोनी, चॉकलेट लेकर जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव के पास पहुंचा था और आवेदन के साथ टेबल पर चॉकलेट रखकर बोला कि गली में कीचड़ व पानी भरा हुआ है। पहले भी शिकायत की, लेकिन कोई नहीं सुनता। अगर ले-देकर ही काम करना है, तो यह लेकर गली से कीचड़ व सीवर के गंदे पानी की निकासी करवा दीजिए।
