नईदुनिया न्यूज, जोबट/झाबुआ। नगर में 18 जून को अनाज व्यापारी प्रदीप जैन की दुकान से दिनदहाड़े हुई 19 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बेटमा क्षेत्र की पारदी गैंग के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार जब्त कर ली है। एक आरोपित फरार है। इस सफलता के बाद व्यापारियों और नगरवासियों ने पुलिस टीम का भव्य स्वागत-सम्मान किया।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रवींद्र राठी के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार जांच कर इस चुनौतीपूर्ण मामले का पर्दाफाश किया।
घटना 18 जून की सुबह की है
घटना 18 जून की सुबह की है। दालमिल परिसर स्थित दुकान पर अनाज व्यापारी प्रदीप जैन ने खरीदी के लिए 19 लाख रुपये से भरा बैग काउंटर पर रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बैग गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर जाते दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने रमाकांत सोलंकी, काजूसिंह राठौड़ और रजत सोलंकी को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की पूरी 19 लाख रुपये की राशि तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की गई। मामले का एक अन्य आरोपी साईन राठौड़ अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
ऐसे फरार हुए आरोपित, कई जिलों में तलाश हुई
पुलिस की जांच में सामने आया कि बैग लेकर निकला आरोपित अपने साथियों के साथ पैदल बाजार से गुजरते हुए पुराने बस स्टैंड तक पहुंचा। वहां पहले से मौजूद नई बलेनो कार में सवार होकर पूरा गिरोह झाबुआ की ओर निकल गया। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि शुरुआती दौर में आरोपितों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग रहा था।
थाना जोबट और साइबर सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के सहारे जांच का दायरा लगातार बढ़ाया। पुलिस टीम झाबुआ, राजगढ़, धार, बेटमा, पुणे और अंततः बुरहानपुर तक पहुंची। कई जिलों में लगातार दबिश और तकनीकी पड़ताल के बाद एक संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ा और यहीं से पूरी साजिश की परतें खुलनी शुरू हो गईं।
एसपी ने की सराहना, व्यापारियों ने सम्मान किया
एसपी रघुवंश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सीमित समय में उत्कृष्ट कार्य कर बड़ी सफलता हासिल की है तथा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
मामले के खुलासे के बाद सकल व्यापारी संघ एवं नगरवासियों ने पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारी विजय वास्कले सहित पूरी टीम का पुष्पवर्षा, साफा पहनाकर और जयघोष के साथ ऐतिहासिक सम्मान किया। जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।
व्यापारी बोले- पुलिस पर था भरोसा
पीड़ित व्यापारी प्रदीप जैन ने कहा कि उन्हें शुरू से ही जोबट पुलिस और थाना प्रभारी विजय वास्कले पर पूरा भरोसा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरी राशि बरामद कर ली।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी विजय वास्कले, उपनिरीक्षक गोविंदसिंह कटारे, थाना जोबट एवं साइबर सेल की टीम सहित कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, गायनेकोलॉजिस्ट और शिशु रोग विशेषज्ञों की सीधी भर्ती।
