नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई शहरों में शनिवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे अधिक गर्मी नौगांव में 44.2 डिग्री और खंडवा में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। भोपाल में तापमान 42.4 डिग्री, जबलपुर में 43.2 डिग्री, इंदौर में 41.1 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और ग्वालियर में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा शाजापुर, सागर, खरगोन, रायसेन, श्योपुर, नरसिंहपुर, गुना, खजुराहो, रतलाम, दतिया, दमोह और टीकमगढ़ में भी पारा 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार भोपाल में शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम पारा 27.8 डिग्री दर्ज हुआ। इससे लू जैसे हालात बन गए हैं। दिन लगातार गर्म होने से रात के तापमान में भी गिरावट नहीं हो रही है। इससे गर्मी का अहसास ज्यादा हो रहा है। आने वाले दिनों में राजधानी में दिन का पारा 45 डिग्री को पार कर सकता है।
भोपाल में तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान और रातें हुईं गर्म
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी में गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। तापमान में अभी दो से तीन डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। शहर में पिछले पांच दिनों में दो बार पारा 43 डिग्री के ऊपर दर्ज हो चुका है। इससे रात लगातार गर्म बनी हुई है। पारा पिछले चार दिन से 42 से 43 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है। इससे दिन-रात पूरी तरह से गर्म हो चुके हैं। इस वजह से अब शहर में लू जैसे हालात बन गए हैं।
कई जिलों में आंधी-वर्षा का दौर और लू का असर
शनिवार सुबह से शाम के बीच कुछ जिलों में आंधी-वर्षा का दौर रहा। इनमें प्रमुख रूप से उमरिया, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, रीवा, मऊगंज, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, जबलपुर, cutनी और मैहर में कुछ जगह आंधी और कुछ जगह आंधी के साथ वर्षा दर्ज की गई।
रविवार को डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा आदि जिलों में आंधी-वर्षा का दौर रहेगा। विदिशा, रायसेन, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, आगर, गुना, अशोकनगर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में तेज गर्मी और कुछ जगह लू का असर रह सकता है।
न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी बेचैनी
शहर में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पिछले पांच दिन में एक बार न्यूनतम पारा 29 डिग्री के ऊपर दर्ज हो चुका है। पांच दिन पहले तक रात का पारा 25 डिग्री के आसपास दर्ज हो रहा था। रात के तापमान में चार दिन में ही चार डिग्री से ज्यादा इजाफा हो गया है। इससे रात भी ज्यादा गर्म हो गई है। अब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर जा सकता है।
