मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा। सबसे अधिक तापमान छतरप …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा। सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। इसके चलते नौगांव में तीव्र लू चली। वहीं दतिया, गुना, राजगढ़, खजुराहो, दमोह, सागर, ग्वालियर, रायसेन, श्योपुर, रीवा और रतलाम सहित कई जिलों में लू चली।
पूर्वी जिलों में 47 डिग्री तक पहुंचा दिन का तापमान
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान 41 से 45.8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 से 30.5 डिग्री तक रहा। वहीं पूर्वी जिलों में दिन का तापमान 42 से 47 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों के मौसम में कोई परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई है।
तीव्र लू और गर्म रात्रि की जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, रीवा, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शाजापुर, मंदसौर और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजगढ़ जिले में गर्म रात रहने की भी चेतावनी दी गई है। उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा और बालाघाट में भी गर्म रात का असर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को हाई कोर्ट का झटका, मुआवजा न लेने वाले किसानों की जमीन के कब्जे पर लगाई रोक
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| भोपाल | 44.2 | 30.0 |
| इंदौर | 42.7 | 27.6 |
| ग्वालियर | 45.0 | 28.4 |
| जबलपुर | 44.6 | 29.5 |
