धार के कांकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ का राजनीतिक टिप्पणी वाला वीडियो वायरल होने पर विवाद बढ़ा। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बर्खास्तगी की …और पढ़ें

HighLights
- भाजपा नेताओं ने आचरण नियम उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई।
- सीएचओ ने वीडियो हटाकर मामले पर खेद भी जताया।
- सीएमएचओ ने बर्खास्तगी की अनुशंसा एनएचएम को भेजी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिले के बाग विकासखंड स्थित कांकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। वीडियो में वह जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और सोनम वांगचुक के समर्थन में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और उनके समर्थकों को लेकर टिप्पणी करती दिखाई दे रही हैं।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और संबंधित सीएचओ को सेवा से पृथक (बर्खास्त) किए जाने की अनुशंसा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को भेज दी है।
सरकारी परिसर में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र के भीतर बनाया गया था। इसमें सीएचओ खुद को किसी राजनीतिक दल का समर्थक नहीं बताते हुए सोनम वांगचुक के समर्थन की बात कहती हैं। वीडियो में उन्होंने लोगों से “अंधभक्त नहीं, भक्त बनो” जैसी टिप्पणी भी की। मंगलवार रात वीडियो सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा होने के बाद तेजी से वायरल हो गया।
भाजपा नेताओं ने दर्ज कराई शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा टांडा मंडल अध्यक्ष अमरसिंह सोलंकी, मंडल महामंत्री जड़ावसिंह मंडलोई और भुरु अनारे ने संयुक्त हस्ताक्षरित शिकायत जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को भेजी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सरकारी कर्मचारी ने सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए सरकारी परिसर में बैठकर राजनीतिक टिप्पणी की है। नेताओं ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
वीडियो हटाया, खेद भी जताया
विवाद बढ़ने के बाद किरण भाटिया ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा लिया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सरकार की आलोचना करना नहीं था और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है।
