डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के चांदबड़ जोन के अंतर्गत आने वाले सुंदर नगर इलाके में बिजली कंपनी की टीम ने बिजली चोरी के एक बड़े और अनोखे मामले का पर्दाफाश किया है। यहाँ एक मकान मालिक को घर के पास लगे बिजली के खंभे (एलटी लाइन के पोल) से सीधे केबल जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
बिजली कंपनी की विजिलेंस टीम ने इस भारी चोरी पर तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी मकान मालिक को 1.25 लाख रुपये का जुर्माना बिल थमा दिया है।
सुबह 8:20 बजे दी दबिश, कमरे किराए पर देने का खेल उजागर
बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, एटीआर सूची के आधार पर सुंदर नगर निवासी सुरेश कुमार के घर की जांच की गई। शनिवार सुबह करीब 8:20 बजे जब टीम ने अचानक दबिश दी, तो मौके पर पूरा लोड मीटर को पूरी तरह बायपास कर सीधे एलटी लाइन से चलता मिला।
हैरानी की बात यह रही कि इस चोरी की बिजली के सहारे मकान मालिक ने अपने घर के नौ कमरे स्टूडेंट्स को किराए पर दे रखे थे। जांच के दौरान घर में नौ अलग-अलग सब-मीटर लगे पाए गए, जिनसे प्रत्येक किराए के कमरे में अलग से बिजली की सप्लाई दी जा रही थी। यानी चोरी की बिजली का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि व्यावसायिक रूप से किराए के कमरों के संचालन में भी धड़ल्ले से किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- आपका भी आ रहा है भारी-भरकम बिजली बिल? सिर्फ एसी-कूलर नहीं, बल्कि आपकी ये 5 गलतियां हैं जिम्मेदार, ऐसे बचाएं पैसे
गीजर, फ्रिज और 4 लैपटॉप समेत 8.72 किलोवॉट का भारी लोड
जब अधिकारियों ने परिसर के उपकरणों और लोड का आकलन किया, तो वहां भारी-भरकम बिजली की खपत देख उनके होश उड़ गए। मौके पर कुल 8.72 किलोवॉट का अवैध लोड संचालित पाया गया, जिसमें कई उपकरण शामिल थे।
हैवी अप्लायंसेज: गीजर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, इलेक्ट्रिक प्रेस और टूल्लू पंप।
इलेक्ट्रॉनिक्स व कूलिंग: 4 कूलर, 4 लैपटॉप, मिक्सर और टीवी।
लाइटिंग: 25 एलईडी बल्ब और 12 सीलिंग फैन।
वसूली और कानूनी कार्रवाई की तैयारी
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की इस पूरी कार्रवाई की बकायदा वीडियोग्राफी कराई गई है ताकि पुख्ता साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें। विभाग ने बिजली चोरी के इस मामले में कुल पंचनामा तैयार कर लिया है और अब चोरी की गई वास्तविक राशि का अंतिम आकलन कर वसूली और मकान मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
