नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नौतपा के पहले ही सूरज तमतमा उठा है। सूरज की तपन और गर्म हवा के झोंको से न सिर्फ मनुष्य, पशु-पक्षी भी बेहाल है। गर्मी सभी को हलकान किए हुए हैं। बिना पंखा-कूलर, एससी के एक पल भी रहना मुश्किल हो है।
दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है
दिन के साथ ही रातें भी गर्म हाे चलीं हैं। मंगलवार को भी दिन का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सीजन का सर्वाधिक तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात का तापमान 30 डिग्री तक रहने की संभावना
मौसम विभाग आगामी चार दिनों तक इसी तरह गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 24 मई अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री और रात का तापमान 30 डिग्री तक रहने की संभावना है। दिन के साथ ही रातें भी गर्म रहेंगी।
23 तक लू का येलो के साथ ही आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए जबलपुर सहित कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडौरी सहित अन्य जिलाें में 23 मई तक हीटवेव यानी लू का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि सतना, रीवा, सीधी, दमोह के लिए आरेेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अलर्ट के मायने
येलो- तापमान मध्यम रहता है। आम जनता के लिए गर्मी सहनीय है, लेकिन शिशुओं, बुजुर्गों और दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए मध्यम स्वास्थ्य चिंता हो सकती है।
सुझाव: धूप के संपर्क से बचें, हल्के वजन के, हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें।
आरेंज-तापमान उच्च तापमान
लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने वाले लोगों में हीट इलनेस (गर्मी से जुड़ी बीमारी) के लक्षण होने की संभावना अधिक होती है। शिशुओं, बुजुर्गों और दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए उच्च स्वास्थ्य जोखिम भरा हो सकता है।
सुझाव: धूप के संपर्क से बचें। डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिये भले ही प्यास न लगे।
यह भी पढ़ें- घर में सबसे छोटे और सबके लाड़ले थे जबलपुर के डाॅ. अमन, गिरने की ऊंचाई मापने में छोटा पड़ा टेप
