24 जून को चौहानी ने मौसी की शादी में बुढ़ागर जाने की बात कही, जिसके बाद पति उसे अपने साथ वहां ले गया था।

HighLights
- घर से निकली, रास्ते में दिया पति को चकमा
- काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला
- पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर शुरू की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एक नवविवाहिता शादी के तीन दिन स्वजन की शादी में जाने के लिए पति के साथ घर से निकली। उसके बाद रास्ते में पति को चकमा देकर गायब हो गई।
बरेला पुलिस ने की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू
पति का आरोप है कि पत्नी करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में बरेला पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौसी की शादी में बुढ़ागर जाने की बात कही
गोसलपुर निवासी गौतम यादव का विवाह 21 जून को बरेला निवासी चौहानी से हुआ था। 22 जून को दुल्हन विदा होकर ससुराल पहुंची। 24 जून को चौहानी ने मौसी की शादी में बुढ़ागर जाने की बात कही, जिसके बाद पति उसे अपने साथ वहां ले गया था।
दोनों रास्ते में एक स्टूडियों में फोटो खिंचवाने रुके
रास्ते में दोनों ने बंजारी माता मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद दोनों रास्ते में एक स्टूडियों में फोटो खिंचवाने रुके। वहीं पर चौहानी ने पति को बैठाकर ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर चली गई।
लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली
काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने ब्यूटी पार्लर जाकर पूछताछ की। वहां पता चला कि चौहानी पार्लर पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद उसने स्वजन और ससुराल पक्ष में भी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शादी में उसने पत्नी को दिए थे तीन लाख के जेवर
पति का कहना है कि शादी में उसने पत्नी को करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर दिए थे, जिनमें मंगलसूत्र, कंगन, पायल, बिछिया, करधनी सहित अन्य आभूषण शामिल थे। वह सभी जेवर अपने साथ ले गई है। बरेला पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए नवविवाहिता की तलाश में जुटी है।
