समर्थकों का आरोप है कि उस शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते बदमाशों के हौसले बढ़े और दोबारा धमकी देने की घटना सामने आई। …और पढ़ें

HighLights
- धमकियों से पूर्व मंत्री के स्वजन और समर्थकों में चिंता
- पुरानी शिकायत पर कार्रवाई न होने से समर्थकों में नाराजगी
- पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचे पूर्व मंत्री
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हरेंद्रजीत सिंह “बब्बू”” को एक बार फिर फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम अज्ञात व्यक्ति द्वारा किए गए फोन काल में गोली मारने की धमकी दी गई।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी
पूर्व मंत्री ने गोरखपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूर्व मंत्री को करीब दो माह पूर्व भी इसी प्रकार की धमकी मिली थी। उस समय उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों
लगातार मिल रही धमकियों से पूर्व मंत्री के स्वजन और समर्थकों में चिंता का माहौल है। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि पहले मामले में शिकायत के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों रहे।
कानून-व्यवस्था और जनता के विश्वास से जुड़ा विषय
मामले में अधिवक्ता सुदीप सिंह सैनी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और जनता के विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने दोनों मामलों में मिले धमकी भरे काल की साइबर और तकनीकी जांच कर आरोपितों की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुनर्मूल्यांकन कर आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग
पूर्व मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन कर आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
यह भी पढ़ें- जिस पर बंधक बनाने का आरोप लगा, वह पति निकला, कोर्ट में अजीब केस की सुनवाई
