नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मंडला रोड स्थित नागा घाटी मोड़ से पहले मनेरी तिराहे के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहले ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हुई, जिसके बाद पीछे आ रहे तीन अन्य वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ गए। दुर्घटना में कुल पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए और तीन लोग घायल हो गए। इनमें ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित
हादसे के बाद करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटना शारदा मंदिर के आगे मंडला-मनेरी मार्ग पर बने जेंट्री गेट के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रक और कांक्रीट मिक्सर लेकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर हो गई।
ट्राला, कंटेनर और ट्रक का अगला हिस्सा टूटा
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक ट्राला, कंटेनर और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। बस के सामने के शीशे चटक गए।
मेडिकल रेफर किया गया चालक
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद घायल टकराए भारी वाहनों के बीच फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बरेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया
दो घायलों को पहले बरेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से ज्यादा चोट होने पर ट्रेक्टर स्वामी सिहोरा निवासी राजेंद्र पटेल को मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के समय राजेंद्र और मिक्सर मशीन चलाने वाला सुक्कल मरावी ट्रेक्टर में चालक बलराम तिवारी के आजू-बाजू की सीट पर सवार थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस पूछताछ और जांच में पता चला कि ट्रेक्टर चालक बलराम पटेल सिहोरा से मिक्सर मशीन लेकर तिलहरी गांव जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक एचआर 62 ए 9800 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
सड़क पर लगी वाहनों की कतार
दुर्घटना के चलते सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन फंसे रहने से मंडला, मनेरी और तिलहरी मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
सपाट सड़क और मोड़ से बढ़ी दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि शारदा मंदिर से नागा घाटी के बीच का हिस्सा अब दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है। यहां लगातार भारी वाहनों की टक्कर और पलटने की घटनाएं हो रही हैं। लोगों के अनुसार नागा घाटी की सड़क को सीधा और सपाट किए जाने के बाद से हादसों में वृद्धि हुई है।
घाटी क्षेत्र में अलग-अलग लेन बनाने की मांग
घाटी से नीचे उतरते समय भारी वाहनों की रफ्तार काफी बढ़ जाती है और मनेरी तिराहे के मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। कई बार उन्होंने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से पुराने मार्ग में सुधार कर घाटी क्षेत्र में अलग-अलग लेन बनाने की मांग की है।
