जबलपुर के होटल सुकुन बीएंडबी में संदिग्ध गतिविधियों के आरोप पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी समेत कर्मचारियों पर …और पढ़ें

HighLights
- होटल सुकुन में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हंगामा हुआ।
- पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी पर मारपीट का आरोप लगा।
- बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने होटल प्रबंधन पर सवाल उठाए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कटंगी रोड स्थित होटल सुकुन बीएंडबी में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। विरोध और हंगामे के दौरान होटल संचालक एवं पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी के साथ बजरंग दल कार्यकर्ताओं से कहासुनी हो गई।
इसके बाद पूर्व तहसीलदार ने कर्मचारियों के साथ मिलकर एक कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। मामले में माढ़ोताल थाना में आरोपितों पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी, उसकी होटल के कर्मचारी मोईनुद्दीन, सार्थक सोनी, फराज अली एवं अन्य के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है। घटना की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व तहसीलदार ने की कार्यकर्ताओं से मारपीट
- बजरंग दल को पूर्व तहसीलदार के होटल सुकुन बीएंडबी में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद संगठन के कुछ कार्यकर्ता होटल में पहुंचे। आपत्तिजनक गतिविधि का आरोप लगाते हुए होटल प्रबंधन से सवाल किए। बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान होटल के कुछ कमरों में युवक-युवतियां मौजूद मिले, जो विवाद बढ़ता देख वहां से निकल गए। इसे लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति की।
- प्रबंधन से होटल के कमरे से निकल रहे युवक-युवतियों के पहचान पत्र बुकिंग में दर्ज होने को लेकर जानकारी मांगी। इस बात पर होटल प्रबंधन से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक होने लगी। तभी पूर्व तहसीलदार त्रिपाठी अपने कुछ कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से उलझ पड़े। कहासुनी बढ़ने पर पूर्व तहसीलदार ने कर्मचारियों के साथ मिलकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मारपीट कर दी। हंगामे की सूचना पर मौके पर माढ़ोताल पुलिस ने जैसे-तैसे विवाद शांत कराया।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
पूर्व तहसीलदार त्रिपाठी के सुकुन नाम से शहर और आसपास अलग-अलग कई होटल है। इनसे जुड़े होटलों में पूर्व में भी युवक-युवतियों की संदिग्ध गतिविधि के आरोप लग चुके है। कुछ अन्य विवादों में भी पूर्व तहसीलदार का नाम उछलता रहा है।
जान से मारने की दी धमकी
प्रदर्शनकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संदिग्ध गतिविधि का विरोध करने पर पूर्व तहसीलदार ने धमकाया। उसने आगे देख लेने और जान से खत्म करने की धमकी दी है।
