खंडवा के मूंदी थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 10 बजे केनुद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो जिगरी दोस्तों की मौके प …और पढ़ें

HighLights
- रविवार रात 10 बजे केनुद रोड पर हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
- प्लांट में ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा, दोनों की दोस्ती थी मिसाल
- अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज, ग्रामीणों ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। केनुद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान धर्मेंद्र (25) पिता मुकेश निवासी ग्राम मोहद तथा महेंद्र (25) पिता बलराम सिंह निवासी ग्राम रणगांव थाना जावर के रूप में हुई है। दोनों युवक सिंगाजी पावर प्लांट में मेल्को कंपनी में कार्यरत थे और रोज की तरह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
साथ काम कर रहे थे
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे दोनों युवक मूंदी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान केनुद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र और महेंद्र दोनों अविवाहित थे और लंबे समय से साथ काम कर रहे थे। गांव के लोगों के मुताबिक दोनों की दोस्ती पूरे क्षेत्र में मिसाल मानी जाती थी। वे हमेशा साथ ही ड्यूटी पर जाते और लौटते थे।
दो गांवों में मातम पसरा
घटना की सूचना मिलते ही मूंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्राम मोहद और रणगांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
