नईदुनिया न्यूज, डोंगरगांव। विकासखंड के बीजेभांटा हाई स्कूल में मंगलवार को मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। सुबह लगभग 10 बजे स्कूल परिसर के पीछे बने छत्ते से निकली मधुमक्खियां कक्षा 10 के विद्यार्थियों पर टूट पड़ीं। कुछ ही मिनटों में 72 छात्र-छात्राएं डंक से प्रभावित हो गए।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय पर उपचार शुरू होने से सभी बच्चों की स्थिति सामान्य रही। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव को सूचना दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी रागिनी चंद्रे ने धर्मेंद्र मांडवी के नेतृत्व में मेडिकल टीम को तत्काल स्कूल भेजा।
स्वास्थ्य विभाग ने 32 विद्यार्थियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया, जबकि 40 बच्चों को स्कूल परिसर में ही विशेष चिकित्सा शिविर लगाकर प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां दी गईं।
उपचार के बाद सभी विद्यार्थियों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।
चीख पुकार मची.. दौड़ते भागते खुद को बचाया
घायल विद्यार्थियों ने बताया कि वे सभी प्रार्थना के बाद आकर कक्षा में बैठे ही थे। इतने में ही अचानक मधुमक्खियों का झुंड खिड़की से भीतर घुस आया। कक्षा में चीख-पुकार मच गई। दौड़ते-भागते विद्यार्थी एक दूसरे से टकराते, गिरते हुए बाहर निकलने का प्रयास किया। कई बच्चों के चेहरे और आसपास डंक लगे हैं।
अधिकारी पहुंचे… छत्ता हटवाया जाएगा
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अनिकेत साहू और तहसीलदार कमल किशोर साहू भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्कूल और अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग से उपचार की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्कूल की प्राचार्य शोभा श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल के पीछे मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था। सभी बच्चों का समय रहते उपचार कर दिया गया है और उनकी स्थिति सामान्य है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्कूल परिसर के पास बने मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने की कार्रवाई कराई जाएगी।
